अर्का किन्नरी सदाबहार फूलदार संकर टी गुलाब है, जिसकी पहचान बाग में प्रदर्शन के लिए की गई है। इसमें द्विरंगी फूल लगते हैं, जिनमें ओरिएंट गुलाबी की ओर सिंदूरी लाल छाया होती है। उच्च केंद्रित कलियाँ और धीमी मोड़ वाला मुँह इसको आकर्षक फूल बना देता है। लंबे डंठल और फूलों का समूह अर्का किन्नरी की विशेषता है। इसके पत्ते गहरे हरे व चमकीले होते हैं। यह ‘फोल्कलोर’ किस्म के अर्ध-सहोदर जाति का पौध-चयन है। इसमें औसतन 400-450 फूल/पौधा/वर्ष लगते हैं। फूल बड़े होते हैं और फूल का औसत व्यास 10-11 से.मी. होता है और प्रति फूल में 35-40 पंखुड़ियाँ होती हैं। आरएचएस रंग चार्ट के अनुसार पंखुड़ी के अंदर के भाग का रंग लाल समूह 38-ए और बाहरी भाग लाल-बैंगनी समूह 65-डी, जबकि तल भाग का रंग पीला समूह 2-डी है।






